April 18, 2026 4:57 pm

अनोखी शादी: एक दुल्हन के 2 सगे भाई दूल्हे, हाटी समुदाय की जोड़ीदार प्रथा फिर चर्चा में

Picture of News9india

News9india

Share:

Shimla: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के शिलाई क्षेत्र में हाल ही में हुई एक शादी ने पूरे देश का ध्यान खींचा है. कुन्हाट गांव की सुनीता चौहान ने दो सगे भाइयों, प्रदीप नेगी और कपिल नेगी, के साथ पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह रचाया. यह शादी तीन दिनों तक चली, जिसमें हाटी समुदाय की सदियों पुरानी बहुपति प्रथा, जिसे ‘जोड़ीदार प्रथा’ के नाम से जाना जाता है, को जीवंत रूप में देखा गया. शिलाई गांव में आयोजित इस विवाह समारोह में सैकड़ों ग्रामीण और रिश्तेदार शामिल हुए. ढोल-नगाड़ों, लोकगीतों और नृत्यों के साथ यह शादी उत्सव का रूप ले चुकी थी. सुनीता चौहान, जो एक आईटीआई प्रशिक्षित टेक्नीशियन हैं, ने कहा, “यह मेरा स्वतंत्र निर्णय था. मैं इस परंपरा को जानती थी और इसे अपनी इच्छा से अपनाया..”प्रदीप नेगी हिमाचल प्रदेश के जल शक्ति विभाग में कार्यरत हैं, जबकि उनके छोटे भाई कपिल नेगी विदेश में हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में नौकरी करते हैं. दोनों भाइयों ने इस परंपरा को अपनाने के अपने फैसले को पारिवारिक एकता और पैतृक संपत्ति के बंटवारे को रोकने का एक तरीका बताया. प्रदीप ने कहा, “यह हमारा संयुक्त निर्णय था. हम अपनी जड़ों पर गर्व करते हैं और इस परंपरा को खुले तौर पर अपनाया. “हाटी समुदाय में जोड़ीदार प्रथा का उद्देश्य संयुक्त परिवार की एकता बनाए रखना और कृषि भूमि के बंटवारे को रोकना है. हिमाचल प्रदेश के सिरमौर, किन्नौर और उत्तराखंड के जौनसार-बावर क्षेत्रों में यह प्रथा सदियों से प्रचलित रही है, हालांकि बढ़ती साक्षरता और आर्थिक प्रगति के कारण अब ऐसे विवाह कम देखने को मिलते हैं. हालांकि, इस शादी ने सोशल मीडिया पर मिश्रित प्रतिक्रियाएं बटोरी. कुछ लोग इसे सांस्कृतिक विविधता का प्रतीक मान रहे हैं, तो कुछ इसे आधुनिकता और परंपरा के टकराव के रूप में देख रहे हैं. यह शादी न केवल हाटी समुदाय की अनूठी परंपरा को दर्शाती है, बल्कि यह भी दिखाती है कि आधुनिकता के दौर में भी कुछ लोग अपनी सांस्कृतिक जड़ों को कितनी शिद्दत से संजोए हुए हैं.

Leave a Comment

और पढ़ें