April 18, 2026 4:52 pm

दिल्ली में चल रही थी नकली टूथपेस्ट फैक्ट्री, 1800 भरी ट्यूब और 130 किलो पेस्ट बरामद

Picture of News9india

News9india

Share:

New Delhi: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने राजधानी के कंझावला इलाके में एक बड़ी नकली टूथपेस्ट फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया. फैक्ट्री में लोकप्रिय ब्रांड Sensodyne के नाम पर नकली टूथपेस्ट तैयार किया जा रहा था. पुलिस ने मौके से मालिक को गिरफ्तार कर लिया और बड़ी मात्रा में नकली सामान जब्त किया. पुलिस के अनुसार. रोहिणी के कंझावला क्षेत्र के महावीर विहार में स्थित एक गोदाम में यह अवैध फैक्ट्री चल रही थी. सूचना मिलने पर क्राइम ब्रांच की टीम ने छापेमारी की. रेड के दौरान 1800 भरी हुई ट्यूब, 10,000 खाली ट्यूब, 1200 पैक्ड ट्यूब और लगभग 130 किलो तैयार पेस्ट बरामद किया गया. इसके अलावा ट्यूब फिलिंग मशीन, हीटिंग गन, सीलिंग उपकरण और सस्ते केमिकल्स से भरे ड्रम भी जब्त किए गए.फैक्ट्री के मालिक हरिओम मिश्रा (58 वर्षीय, रोहिणी निवासी) को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने 6 मजदूरों को भी हिरासत में लिया. बताया जा रहा है कि नकली टूथपेस्ट बेहद अस्वच्छ (unhygienic) हालात में बनाया जा रहा था और इसमें सस्ते ब्लू ब्लीचिंग एजेंट व अन्य केमिकल्स का इस्तेमाल हो रहा था. डीसीपी (क्राइम) पंकज कुमार ने बताया कि आरोपी असली ब्रांड की ट्यूबों में नकली पेस्ट भरकर बाजार में बेच रहा था. यह सामान दिल्ली-एनसीआर समेत आसपास के इलाकों में सप्लाई किया जा रहा था. प्रारंभिक जांच में पता चला है कि फैक्ट्री बिना किसी लाइसेंस के चल रही थी और इससे उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य को गंभीर खतरा था. पुलिस अब पूरे सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि नकली टूथपेस्ट कहां-कहां पहुंचाया जा चुका है. इस मामले में आगे की छानबीन जारी है. स्वास्थ्य विशेषज्ञों का यह मानना है कि नकली टूथपेस्ट में इस्तेमाल होने वाले सस्ते केमिकल्स दांतों की समस्या के अलावा मुंह में जलन, एलर्जी और लंबे समय में अन्य स्वास्थ्य समस्याएं पैदा कर सकते हैं. उपभोक्ताओं को सलाह दी जाती है कि हमेशा प्रमाणित दुकानों से ब्रांडेड प्रोडक्ट ही खरीदें और पैकिंग पर हॉलमार्क व बैच नंबर जरूर चेक करें. यह घटना एक बार फिर फर्जी उपभोक्ता उत्पादों के बढ़ते खतरे की ओर इशारा करती है.

Leave a Comment

और पढ़ें