April 18, 2026 4:52 pm

देश की सबसे तेज मेरठ मेट्रो और नमो भारत RRTS को हरी झंडी, दिल्ली-मेरठ अब सिर्फ 55 मिनट में

Picture of News9india

News9india

Share:

Meerut (UP): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेरठ में एक ऐतिहासिक कार्यक्रम में मेरठ मेट्रो और नमो भारत RRTS (दिल्ली-मेरठ रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम) को हरी झंडी दिखाकर शुरू किया. शताब्दी नगर नमो भारत स्टेशन पर आयोजित इस भव्य समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे. यह देश में पहली बार हुआ की एक ही इंफ्रास्ट्रक्चर पर हाई-स्पीड RRTS और मेट्रो का एक साथ संचालन शुरू है. मेरठ मेट्रो को भारत की सबसे तेज मेट्रो माना जा रहा है, जिसकी अधिकतम स्पीड 120 किमी/घंटा है, जबकि नमो भारत ट्रेन 180 किमी/घंटा की रफ्तार से दौड़ेगी. पूरा 82 किमी लंबा दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ RRTS कॉरिडोर अब पूरी तरह से चालू हो गया है, जिससे दिल्ली से मेरठ का सफर महज 55-60 मिनट में पूरा हो सकेगा. पीएम मोदी ने कहा यह सिर्फ ट्रेन नहीं, बल्कि विकास की नई रफ्तार है. अब मेरठवासी दिल्ली में नौकरी कर सकेंगे बिना घर किराए पर लेने की जरूरत के. ट्रैफिक जाम, प्रदूषण और समय की बर्बादी से छुटकारा मिलेगा. प्रधानमंत्री जी ने कहा कि बाबा औघड़नाथ की पावन धरा तथा क्रान्ति भूमि मेरठ पर आज ‘विकसित उत्तर प्रदेश-विकसित भारत’ के लिए नई क्रान्ति को ऊर्जा मिल रही है. पहली बार एक ही दिन और एक ही मंच से ‘नमो भारत रैपिड रेल’ और ‘मेट्रो सेवा’ का शुभारम्भ हुआ. विकसित भारत की कनेक्टिविटी कैसी होगी, यह सेवाएँ उसकी शानदार झाँकी है. शहर के भीतर के लिए मेट्रो तथा ट्विन सिटी के विजन को गति देने के लिए नमो भारत जैसी आधुनिक ट्रेन के कार्य उत्तर प्रदेश में हुए हैं. इस परियोजना पर करीब ₹12,930 करोड़ की लागत आई है. नमो भारत और मेरठ मेट्रो के शुरू होने से हजारों लोगों को रोजाना सुरक्षित, आरामदायक और समयबद्ध सफर मिलेगा. सड़कों पर वाहनों की भीड़ कम होगी, पर्यावरण को फायदा पहुंचेगा और क्षेत्र में आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी. सेवाएं शाम 6 बजे से आम जनता के लिए उपलब्ध होंगी. यात्रियों के लिए आधुनिक कोच, एयर-कंडीशनिंग, वाई-फाई और सुरक्षा के उच्च मानक सुनिश्चित किए गए हैं. इस अवसर पर केन्द्रीय कौशल विकास व उद्यमिता राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार जयंत चौधरी, केन्द्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह, जल शक्ति राज्य मंत्री दिनेश खटीक, ऊर्जा राज्य मंत्री सोमेन्द्र तोमर सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे.

Leave a Comment

और पढ़ें