Lucknow: उत्तर प्रदेश सरकार ने 1989 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी शशि प्रकाश गोयल को राज्य का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया. उन्होंने मनोज कुमार सिंह का स्थान लिया, जिनका कार्यकाल 31 जुलाई को समाप्त हो गया. मनोज कुमार सिंह के लिए केंद्र सरकार से सेवा विस्तार की मांग की गई थी, लेकिन केंद्र ने इसे स्वीकार नहीं किया, जिसके बाद गोयल की नियुक्ति की गई. शशि प्रकाश गोयल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सबसे विश्वासपात्र अधिकारियों में से एक माने जाते हैं. वह पिछले 8 वर्षों से मुख्यमंत्री कार्यालय में प्रमुख सचिव और अपर मुख्य सचिव के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल रहे थे. इसके अलावा, उन्होंने नागरिक उड्डयन, राज्य संपत्ति, और प्रोटोकॉल जैसे महत्वपूर्ण विभागों में भी अपनी सेवाएं दी हैं. नए मुख्य सचिव के रूप में गोयल को इंफ्रास्ट्रक्चर और औद्योगिक विकास आयुक्त, अपर मुख्य सचिव समन्वय विभाग, पिकअप के चेयरमैन, यूपीईआईडीए और यूपीएसएचए के सीईओ, और यूपीडीएएसपी के निदेशक की अतिरिक्त जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं. दूसरी तरफ मुख्यमंत्री कार्यालय की अहम जिम्मेदारी अब प्रमुख सचिव आईएएस संजय प्रसाद को दी गई है. कार्यभार ग्रहण करने के बाद गोयल ने कहा, “प्रदेश सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’, ‘जीरो करप्शन’, औद्योगिक विकास, और आर्थिक विकास की नीतियों को धरातल पर उतारने का पूरा प्रयास किया जाएगा.” उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में काम करेंगे. इस विस्तार के साथ आईएएस संजय प्रसाद अब मुख्यमंत्री कार्यालय में सबसे सीनियर अधिकारी बन गए हैं और उन्हें शशि प्रकाश गोयल की जगह सीएम ऑफिस का प्रभारी भी बनाया गया है.
प्रशासनिक करियर
IAS शशि प्रकाश गोयल का प्रशासनिक करियर तीन दशकों से अधिक का रहा है, जिसमें उन्होंने अलीगढ़, इलाहाबाद, इटावा, मथुरा, और देवरिया जैसे जिलों में जिला मजिस्ट्रेट के रूप में कार्य किया. इसके अलावा, उन्होंने केंद्र सरकार में मानव संसाधन विकास मंत्रालय में संयुक्त सचिव के रूप में भी अपनी सेवाएं दीं. मूलरूप से लखनऊ निवासी एसपी गोयल का जन्म 20 जनवरी 1967 को हुआ था. बीएससी (ऑनर्स) और एमसीए की पढ़ाई के बाद 1989 में उनका चयन आईएएस सेवा में हुआ था. उनकी नियुक्ति से राज्य की नौकरशाही में स्थिरता और पारदर्शी शासन की उम्मीद की जा रही है. एसपी गोयल ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर वह विकास कार्यो को आगे ले जाएंगे. उनके पूर्ववर्ती मुख्य सचिव ने जो काम किया है वह इसे आगे ले जाएंगे. गोयल का कार्यकाल जनवरी 2027 तक रहेगा.





































