Mimbai: मोहित सूरी के निर्देशन में बनी रोमांटिक ड्रामा फिल्म ‘सैयारा’ ने रिलीज के बाद से ही बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया. 18 जुलाई 2025 को रिलीज हुई इस फिल्म ने पहले दिन 19 करोड़ रुपये की शानदार ओपनिंग के साथ इतिहास रच दिया, जो किसी डेब्यू स्टार्स की फिल्म के लिए अब तक की सबसे बड़ी ओपनिंग है. अहान पांडे और अनीत पड्डा की ताजा जोड़ी ने न केवल दर्शकों का दिल जीता, बल्कि समीक्षकों से भी खूब वाहवाही बटोरी. ‘सैयारा’ ने पहले सप्ताह में 172.75 करोड़ रुपये और दूसरे सप्ताह में 107.75 करोड़ रुपये की कमाई के साथ कुल 350 करोड़ रुपये से अधिक की वैश्विक कमाई की है, जिससे यह 2025 की तीसरी सबसे बड़ी हिंदी फिल्म बन गई है. फिल्म ने ‘कबीर सिंह’ को पछाड़कर अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली रोमांटिक फिल्म का खिताब भी हासिल कर लिया है। फिल्म की कहानी कृष और वाणी की प्रेम कहानी पर आधारित है, जो एक सिंगर और लिरिसिस्ट की भावनात्मक यात्रा को दर्शाती है. मोहित सूरी की सिग्नेचर स्टाइल, इमोशनल नैरेटिव और शानदार म्यूजिक ने दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचा. फिल्म के गाने और अहान-अनीत की केमिस्ट्री को सोशल मीडिया पर खूब सराहा जा रहा है, जहां फैंस ने टाइटल ट्रैक पर थिएटर्स में डांस करने के वीडियो भी शेयर किए. बॉलीवुड हस्तियों जैसे अनिल कपूर, रणवीर सिंह, आलिया भट्ट और करण जौहर ने भी इस फिल्म की तारीफ की है. अहान पांडे ने अपने इंस्टाग्राम पर फैंस और इंडस्ट्री का आभार जताते हुए कहा, “यह प्यार और समर्थन अविश्वसनीय है. ‘सैयारा’ मेरे लिए सिर्फ एक फिल्म नहीं, एक सपने का सच होना है।” फिल्म ने न केवल भारत में, बल्कि यूके में भी 2024-2025 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म का रिकॉर्ड बनाया है. 40-50 करोड़ के बजट में बनी यह फिल्म अब 300 करोड़ के क्लब की ओर तेजी से बढ़ रही है, जो इसे बॉलीवुड की सबसे लाभकारी फिल्मों में से एक बनाता है.




































