New Delhi: पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर ने अमेरिका के फ्लोरिडा में प्रवासी पाकिस्तानियों को संबोधित करते हुए भारत को परमाणु हमले की धमकी दी। उन्होंने कहा कि यदि पाकिस्तान के अस्तित्व पर खतरा आया तो वह ‘आधी दुनिया को साथ ले डूबेगा’ और सिंधु नदी पर भारत द्वारा बांध बनाए जाने पर मिसाइल हमले की चेतावनी दी. इस बयान पर भारत ने कड़ा रुख अपनाते हुए इसे ‘गैर-जिम्मेदाराना’ और ‘परमाणु ब्लैकमेल’ करार दिया. भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि पाकिस्तान की यह पुरानी आदत है और ऐसे बयान उनकी सेना और आतंकवादी संगठनों के गठजोड़ को उजागर करते हैं. उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से पाकिस्तान के परमाणु हथियारों की सुरक्षा पर सवाल उठाने की अपील की. भारत ने स्पष्ट किया कि वह ऐसी धमकियों के आगे नहीं झुकेगा और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाएगा. यह बयान मुनीर के अमेरिका दौरे के दौरान आया, जहां उन्होंने शीर्ष सैन्य अधिकारियों से मुलाकात की। भारत ने अमेरिका से इस पर संज्ञान लेने की मांग की, क्योंकि यह बयान उनके मित्र देश की धरती से दिया गया.
दूसरी तरफ ओवैसी ने मुनीर की भारत के खिलाफ परमाणु धमकी की निंदा करते हुए उन्हें “सड़कछाप आदमी” की तरह बोलने वाला बताया. उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि ऐसा बयान अमेरिका की धरती से, जो भारत का रणनीतिक साझेदार है, दिया गया. ओवैसी ने केंद्र सरकार से मांग की कि वे सिर्फ विदेश मंत्रालय के बयान तक सीमित न रहें, बल्कि इस मुद्दे पर राजनीतिक प्रतिक्रिया दें और अमेरिका के सामने इसे मजबूती से उठाएं. साथ ही, उन्होंने रक्षा बजट बढ़ाने और सेना को तैयार रखने की जरूरत पर भी जोर दिया.




































