New Delhi: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर 20 अगस्त 2025 को सिविल लाइंस स्थित उनके सरकारी आवास पर आयोजित साप्ताहिक जन सुनवाई के दौरान हमला हुआ. घटना उस समय हुई जब मुख्यमंत्री लोगों की शिकायतें सुन रही थीं. एक 41 वर्षीय व्यक्ति, जिसकी पहचान गुजरात के राजकोट निवासी राजेश भाई खिमजी भाई सकरिया के रूप में हुई, ने मुख्यमंत्री पर हमला किया. सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप कर आरोपी को हिरासत में ले लिया, जिसे सिविल लाइंस पुलिस स्टेशन ले जाया गया. दिल्ली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) (हत्या का प्रयास), 132 (सार्वजनिक सेवक पर हमला), और 221 (सार्वजनिक सेवक के कार्य में बाधा) के तहत मामला दर्ज किया. जांच में पता चला है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास है, जिसमें शराब तस्करी और मारपीट के 5 मामले दर्ज हैं, हालांकि कुछ में उसे बरी कर दिया गया था. उसके परिवार ने उसे डॉग लवर बताया. यह भी बताय कि अपने घर से उज्जैन जाने के लिए निकला था, लेकिन वह दिल्ली कैसे पहुंचा इस बारे में उन्हें कुछ पता नहीं. दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला बताया. सीसीटीवी फुटेज से पता चला है कि आरोपी ने हमले से पहले मुख्यमंत्री आवास की रेकी की थी. आम आदमी पार्टी की नेता और पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने भी हमले की निंदा की और दिल्ली पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग की. दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने इस घटना को महिला सुरक्षा की स्थिति पर सवाल उठाने वाला बताया. पुलिस और विशेष सेल आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि हमले के पीछे के उद्देश्य और संभावित साजिश का पता लगाया जा सके. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इसे कायराना हरकत बताया और कहा कि वह इस घटना से विचलित नहीं होंगी और जन सुनवाई का कार्यक्रम जारी रखेंगी.




































