October 31, 2026 7:41 pm

मूलभूत सुविधाओं को क्यों तरस रहे हैं गाजियाबाद की महंगी सोसाइटी के लोग? GDA से कार्रवाई की मांग

Picture of News9india

News9india

Share:

गाजियाबाद में ला रॉयल अपार्टमेंट के बाहर प्रदर्शन करते सोसाइटीवासी.

Ghaziabad: गाजियाबाद के इंद्रापुरम में अहिंसा खंड–2 कनावनी पुलिया स्थित एम.के.एस. इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड द्वारा निर्मित आवासीय सोसाइटी ला रॉयल अपार्टमेंट में वर्षों बाद भी मूलभूत सुविधाओं के अभाव का मामला सामने आया है. आरोप है कि गाजियाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा अप्रैल 2019 में परियोजना को कंप्लीशन सर्टिफिकेट जारी किया जा चुका है, लेकिन लगभग 7 वर्ष बीत जाने के बावजूद सोसाइटी के कई आवश्यक कार्य आज तक पूरे नहीं किए गए हैं.
सोसाइटी में बाउंड्री वॉल का निर्माण नहीं हुआ है, पार्क विकसित नहीं किया गया, बेसमेंट में शाफ्ट का कार्य अधूरा है तथा अन्य कई संरचनात्मक और तकनीकी कमियाँ मौजूद हैं. यह जांच का विषय है कि बिना पार्क के तथा बाउंड्री के निर्माण के गाजियाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा कंप्लीशन सर्टिफिकेट किस तरह दे दिया गया. इन अनियमितताओं को लेकर सोसाइटी निवासियों द्वारा बार-बार बिल्डर को पत्राचार बैठक एवं गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के माध्यम से अवगत कराया गया, लेकिन बिल्डर द्वारा लगातार इन समस्याओं की अनदेखी की जा रही है. ला रॉयल अपार्टमेंट के सचिव सजल जैन ने बताया कि सोसाइटी में मेंटेनेंस शुल्क के अनुरूप सुविधाएँ उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं. यहाँ तक कि बिल्डर समय पर बिजली का बिल भी नहीं जमा कर रहा हैं जिसके कारण पूर्व में सोसाइटी की बिजली भी कट चुकी हैं. बिल्डर ना ही लिफ्ट वार्षिक मेंटेनेंस का भुगतान कर रहा हैं और ना ही अन्य एजेंसी जैसे— पैनल सर्विसिंग, सीसीटीवी वार्षिक अनुरक्षण आदि का भुगतान कर रहा हैं, भुगतान ना होने के कारण विभिन्न एजेंसी सोसाइटी में कार्य नहीं करना चाहती. इसके अलावा सोसाइटी के बेसमेंट में पानी के रिसाव की गंभीर समस्या बनी हुई है, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता. लगभग 4 वर्ष पूर्व एओए का गठन हो जाने के बावजूद बिल्डर सोसाइटी का हैंडओवर देने को तैयार नहीं है. आईएफएमएस चार्जेस के भुगतान को लेकर भी ए ओ ए द्वारा कई बार आग्रह किया गया, लेकिन बिल्डर की ओर से कोई सहयोग नहीं मिला. बिल्डर द्वारा बार बार केवल आश्वासन ही दिया जाता रहा हैं लेकिन जमीनी स्तर पर कोई कार्य नहीं हुआ.
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण पर उठाए सवाल
बताया गया कि स्वीकृत नक्शे के अनुरूप कार्य ना करने के बावजूद भी गाजियाबाद विकास प्राधिकरण ने बिल्डर के खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं की. इन सभी समस्याओं से प्रेषण होकर आज ला रॉयल सोसाइटी के निवासियो ने बिल्डर के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया जिसमे अध्यक्ष उधम सिंह सोलंकी तथा सचिव सजल जैन ने बताया कि ए ओ ए को सभी निवासियों का पूर्ण समर्थन प्राप्त है और बिल्डर से सभी मूलभूत सुविधाएँ तथा आईएफएमएस लेकर ही रहेंगे. धरना प्रदर्शन में सचिव सजल जैन, उपाध्यक्ष श्मृत्युंजय सिंह, कोषाध्यक्ष वीरेश भारद्वाज के साथ अन्य सदस्य तथा सोसाइटी के गण मान्य निवासी भी उपस्थित थे जिन्होंने सोसाइटी की समस्याओं को विस्तार से बताया. कहा गया कि इस संबंध में गाजियाबाद विकास प्राधिकरण जिलाधिकारी गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश के आवास मंत्री सहित संबंधित विभाग को लिखित शिकायत भेजी गई. इसके साथ साथ आइजीआरएस पोर्टल पर भी बिल्डर के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई गई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. हालांकि इस पूरे मामले में बिल्डर की तरफ से कोई पक्ष तत्काल सामने नहीं आ सका.

Leave a Comment

और पढ़ें